- पुलिस जांच में जुटी, पीएम रिपोर्ट में होगा मौत के कारणों का खुलासा
नीमच। जिले के ग्राम सरवानिया मसानी में एक युवक का शव मिला है। उसके परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देख पुलिस में जांच पड़ताल की शुरुआत की है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट में ही हो सकेगा। यह घटना बुधवार शाम से रात तक की बताई जाती है। जावद थाना क्षेत्र और नयागांव पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सरवानिया मसानी में यह घटना हुई। गांव का रोशन पिता नंदलाल सालवी बुधवार शाम घर से कुएं पर गया था। लेकिन गुरुवार सुबह उसका शव कुएं पर पड़ा मिला। आशंका जताई कि यह घटना देर रात को हुई है। परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला जांच में लिया। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर एक कुल्हाड़ी भी मिली है। घटनास्थल व युवक का शव देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मौका पंचनामा बनाकर शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट में हो सकेगा। घटना के संबंध में नयागांव चौकी प्रभारी एसआई परमानंद गिरवाल ने बताया कि युवक के सिर में गंभीर चोट के निशान है। मौके पर एक कुल्हाड़ी भी मिली है। परिजनों की आशंका और घटनास्थल पर मिले साक्ष्य के अनुसार मामले में जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले में जांच की जा रही है। जल्द पूरी स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
