नीमच :: नीमच पुलिस ने रविवार को यातायात सप्ताह के समापन समारोह में जिले की 29 पंचायतों के सरपंचों काे 210 हेलमेट बांटकर देश के पहले हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। प्रत्येक पंचायत को शुरुआत के तौर पर 5 से अधिकतम 8 हेलमेट दिए गए हैं। अतिथियों ने सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों व पंचायत क्षेत्र से आए लाेगाें को हेलमेट पहनाए।
एसपी सगर ने कहा:- "हर पंचायत तक हेलमेट बैंक के प्लान को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने की शुरुआत कर दी गई है। इस पर निरंतर काम चलेगा। मकसद लोगों का जीवन बचाना है। सबकुछ नियमों के पालन व जागरुकता के बल ही संभव है।" डॉ. अशोक जैन ने कहा:- " हेलमेट बैंक पुलिस ने अभिनव शुरुआत की है। अन्य जिले भी इसे फॉलो करेंगे। एडीएम वीके धोका ने कहा यातायात सप्ताह के अंतिम दिन हेलमेट दिए जाने से समाज में अच्छा संदेश जाएगा।" हेलमेट किराये पर देने के साथ रसीद भी दी जाएगी। हेलमेट बैंक में हेलमेट किराये पर लेने की संख्या बढ़ने के साथ ही इस बैंक का राजस्व बढ़ता जाएगा। उस राशि से नए हेलमेट खरीदे जाएंगे। पंचायत स्तर पर प्रारंभिक तौर पर 29 बूथ तैयार कर दिए गए वहां कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। बिना हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वालों को रोककर समझाइश के साथ 50 रुपए किराये पर हेलमेट सौंपेंगे। बूथ पर वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर, चालक का नाम-पता व अन्य जानकारी रजिस्ट्रर में दर्ज करेंगे। विभाग की ओर से हेलमेट किराये की रसीद दी जाएगी। पंचायत स्तर पर रिकाॅर्ड रखा जाएगा।
