चितौड़गढ़। कनेरा थाना पुलिस ने तीन दिन पूर्व बांगेड़ा घाटा में हुए ब्लाइंड मर्डर का त्वरित खुलासा करते हुए हत्या की मुख्य आरोपी मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर मृतक के पुत्र को डिटेन किया है।
पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल ने बताया कि 29 जून को बांगेड़ा घाटा निवासी खेमराज पिता ओंकार लाल धाकड़ ने कनेरा थाने पर रिपोर्ट पेश कर बताया कि बांगेड़ा घाटा में मेरे भाई गोपाल धाकड़ की अज्ञात बदमाशों ने पूरे शरीर पर चोटे मारकर हत्या कर गांव के ही पास हीरालाल की आलोट (खेत ) पर लाश को डाल कर चले गए हैं। इस पर थाना कनेरा में धारा 302 आईपीसी में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान थानाधिकारी कनेरा नरेंद्र सिंह द्वारा किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए वृत्ताधिकारी निम्बाहेड़ा जगराम मीना के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की पहचान व तलाश कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए। एसएचओ ने थाने के जाप्ता हैड कांस्टेबल मुकेश कुमार, कॉन्स्टेबल बगदीराम, सुभाष, टीकमाराम, बलजिंद्र, मुकेश एवं महिला कॉन्स्टेबल मीना व राजबाला तथा साइबर सेल चित्तौड़गढ़ के राजकुमार सोनी की सहायता से हत्या में शामिल अभियुक्तों की पहचान होने पर मृतक गोपाल धाकड़ की पत्नी गुड्डी बाई व सहअभियुक्तो की घटना में संदिग्धता होने से वृत्ताधिकारी जगराम द्वारा महिला कांस्टेबल की उपस्थिति में मृतक की पत्नी गुड्डी बाई से सघनता से पूछताछ व अनुसंधान किया तो मृतक की पत्नी ने अपने पति गोपाल धाकड़ के अत्यधिक शराब सेवन का आदी होने व आये दिन घर में लड़ाई झगड़ा करने की वजह से दिनांक 28 जून को रात्रि में आपस में झगड़ा होने पर उसने अपने पति का गला दबाकर मौके पर ही हत्या कर दी। हत्या के बाद उसके द्वारा कारित घटना को छिपाने के लिए पति की लाश को उसके नाबालिग पुत्र व गांव के ही निवासी वकील उर्फ विक्रम राठौड़ तेली के सहयोग से मोटरसाइकिल पर डाल कर गांव से बाहर ले जाकर शव की पहचान छुपाने के इरादे से पत्थर से क्षत विक्षत कर गांव के बाहर सुनसान स्थान पर डाल देना बताया।गिरफ्तारशुदा अभियुक्ता व उसके पुत्र से अग्रिम अनुसंधान जारी है तथा अपराध में सहयोगी वकील उर्फ विक्रम की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने उक्त प्रकरण का खुलासा करने में सफलता अर्जित करने वाली पुलिस टीम को पुरुष्कृत करने की घोषणा की है।
