एक जून से देश में वन नेशन वन राशन कार्ड लागू होगा
20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से इसकी शुरुआत होगी
किफायती कीमत पर देश के किसी भी कौने में खरीद सकते हैं राशन
गरीबी रेखा के नीचे वाले लोगों को मिलेगा इसका फायदा
नीमच। 1 जून से देश में राशन कार्ड की व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी। देश के 20 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में 'वन नेशन, वन राशन कार्ड' की व्यवस्था लागू होने जा रही है। बीते दिनों वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 20 लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज के तहत इस योजना का जिक्र किया था। योजना के अनुसार मार्च 2021 तक देश के सभी राज्यों में यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। 81 करोड़ जनता को रियायती दरों पर अनाज उपलब्ध कराने वाली योजना पीडीएस (जन वितरण प्रणाली) 1 जून को नए आयाम छुएगी।
वर्तमान में है ये नियम-
राशन कार्ड का वर्तमान नियम यह है कि आपका राशन कार्ड जिस जिले का बना है, उसी जिले में राशन मिल सकता है। जिला बदलने पर इसका फायदा नहीं मिल पाता है। कोरोना संकट के समय में गरीबों तक राहत पहुंचाना इस नियम के कारण बड़ी चुनौती थी। इसलिए सरकार ने कहा कि राशन कार्ड नहीं होने पर भी उसका फायदा फिलहाल मिलेगा।
कैसे और किसे मिलेगा इसका लाभ-
दरअसल ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ योजना मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी की तरह ही है, जिस तरह से आप अगर अपना मोबाइल नंबर को बरकरार रखते हुए दूसरे टेलीकॉम कंपनी की सेवा लेते हैं। इसी तरह आप राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी के तहत देश में कहीं भी रहते हुए अपने हिस्से का राशन ले सकते हैं। उदाहरण के तौर पर मान लीजिए कि एक राशनकार्ड पर 5 मेंबर हैं और पांचों अलग-अलग राज्यों में रह रहें तो भी वह अपने हिस्से का राशन इन राज्यों से उठा सकते हैं। इस योजना के तहत पीडीएस लाभार्थियों की पहचान की जाएगी और उनके आधार कार्ड पर इलेक्ट्रिक पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) से योजना का लाभ दिया जा सकेगा। इस स्कीम से अभी 67 करोड़ लोगों को फायदा मिलेगा।
योजना में आवेदन कैसे करें?-
देश के किसी भी राशन कार्ड धारक को वन नेशन वन राशन कार्ड के तहत किसी भी तरह का ऑनलाइन और ऑफलाइन अप्लाई करने की आवश्यकता नहीं है। सभी राज्य और केंद्र सरकार स्वयं उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार लाभार्थियों के राशन कार्ड फोन पर आधार कार्ड से सत्यापित कर लिंक करेंगी। इसके बाद इंटीग्रेटेड मैनेजमेंट पब्लिक डिस्टीब्यूशन सिस्टम के अंतर्गत आंकड़ों को उपलब्ध कराएगी। जिससे पात्र सभी नागरिक देश के किसी भी कौने से अपने हिस्से का राशन प्राप्त कर सकेंगे।
एक देश एक राशन कार्ड स्कीम के फायदे-
राशन कार्ड का फायदा बीपीएल (गरीबी रेखा के नीचे) कार्डधारकों को मिलता है। इसके तहत उन्हें सस्ती कीमत पर अनाज मिलता है। वन नेशन, वन राशन कार्ड लागू होने के बाद गरीबी रेखा के नीचे वाले लोग कम कीमत पर देश के किसी कौने में राशन खरीद सकते हैं। देश का कोई भी व्यक्ति इस योजना का लाभ जून 2020 से उठा सकता है। जो लोग गरीब है और रोजगार की तलाश में एक राज्य से दूसरा राज्य में जाते हैं, वह एक देश एक राशन कार्ड स्कीम का लाभ उठा सकते हैं। हर उपभोक्ता अपने राशन कार्ड की सहायता से अपने हिस्से के अनाज को किसी भी पीडीएस दुकान से पारदर्शिता और बड़ी ही आसानी से खरीद सकता है। एक देश एक राशन कार्ड योजना का उद्देश्य है कि देश में फर्जी राशन कार्ड को रोकने में मदद मिलेगी और देश में चल रहे भष्टाचार को रोका जा सकेगा। इस योजना के लागू होने के बाद यदि कोई व्यक्ति एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाता है तो उसे राशन लेने में कोई परेशानी नहीं होगी। इस एक राष्ट्र एक राशन कार्ड स्कीम का फायदा प्रवासी मजदूरों को अधिक होगा। इन लोगों को पूरी खाद्य सुरक्षा मिलेगी। केंद्र सरकार इस योजना को समय रहते ही पूरे देश के विभिन्न राज्यों में शुरू करना चाहती है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सके।
