जावद/प्रतापगढ़, 7 दिसम्बर। विधानसभा आम चुनाव के तहत जिले के धरियावद एवं प्रतापगढ़ विधानसभा में शुक्रवार को प्रातः 8 बजे शांतिपूर्ण मतदान प्रारंभ हुआ। धरियावद विधानसभा क्षेत्रा में लगभग 77.47 एवं प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 78.80 प्रतिशत मतदान हुआ।
*विधानसभा चुनाव झलकियां*
प्रतापगढ़ विधानसभा के मतदान केन्द्रों पर प्रातः आठ बजे से पुरूष एवं महिला मतदाताओ की मतदान के लिये लम्बी-लम्बी कतारे देखी गई। प्रतापगढ़ के अचलपुर मतदान केन्द्र पर लोकतंत्रा के महापर्व में उत्साह से यहां 95 वर्षीय वृद्धा देवली बाई ने परिजनों एवं स्काउट गाईड की मदद से मतदान किया।
प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रातः 9 बजे तक 7 प्रतिशत 11 बजे तक 23 प्रतिशत, एक बजे तक 44 प्रतिशत एवं सायं 3 बजे तक 65 प्रतिशत मतदान हुआ। आश्रम छात्रावास सुहागपुरा मतदान केन्द्र पर 90 वर्षीय श्री जालमा ने परिजनों के साथ पहुंचकर उत्साह से मतदान में भाग लिया। इस मतदान केन्द्र पर 3.30 बजे तक 1079 मतदाताओं में से 620 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।
राउप्रावि दोतड़ मतदान केन्द्र पर प्रातः 8 बजे से ही महिला एवं पुरूष मतदाताओं की लम्बी-लम्बी कतारे देखी गई। इस मतदान केन्द्र पर दूर्गा मीणा ने पहलीबार मतदान किया।
राज्य निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार दिव्यांगजन मतदाताओं को ट्राई साईकिल एवं ब्रेल लिपि आदि सुविधा मिलने से दिव्यांगजनो ने भी मतदान में उत्साह से भाग लिया। दोनो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों पर ट्राईसाईकिल की सुविधा से दिव्यांगजन सरलता से मतदान कर सके। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लुहारिया में मतदान केन्द्र पर कुल 82 प्रतिशत मतदान हुआ।
