नीमच एक छत के नीचे सभी प्रकार की सेवाओं की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए लोक सेवा गारंटी केंद्र को संपूर्ण परिपूर्ण सेंटर बनाने की प्रदेश सरकार की कवायद चल रही है।
पोर्टल को अपडेट कर इसमें ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट की सेवाएं भी जोड़ी जा रही है। ये दोनों सेवाएं भी जून में यहां से मिलना शुरू हो जाएगी। बड़ी बात यह है कि इसमें दलाली की विंडो समाप्त हो जाएगी। वर्तमान में लोकसेवा गारंटी केंद्र में ४५ विभागों की ४४६ सेवाएं मिल रही हैं। इन दो महत्वपूर्ण सेवाओं के जुडऩे से इनकी संख्या और बढ़ जाएगी। जिले में छह केंद्र है। जहां प्रतिदिन सैंकड़ों लोग अलग-अलग सेवाओं के लिए आवेदन करते हैं। सबसे ज्यादा आवेदन की फीस १८० रुपए और सबसे कम सात रुपए हैं। ज्यादातर सेवाएं ३० और ६० रुपए के बीच की है। मध्यप्रदेश में लोक सेवा गारंटी अधिनियम में तय समय में मूल निवासी, आय, जाति प्रमाण पत्र, सीमाकंन, बटान, नामांतरण, बंटवारा, अविवादित बंटवारा, नजूल अनापत्ति, विद्युत और टेलीफोन लाइन डालने के लिए सड़क कटिंग की अनुमति, ग्रामीण क्षेत्रों में कॉलोनाइजर की अनुमति सहित अन्य सेवाएं तय समय में मिल रही है। ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट को इसमें शामिल कर इनकी भी समय सीमा का निर्धारण किया जाएगा। जिससे लोगों को सुविधा बढ़ेगी।
