जिले में अब तक 287 लोग दे चुके हैं कोरोना को मात
नीमच। जिले में शुक्रवार को 44 और लोगों ने कोरोना को शिकस्त दी है। इसके बाद जिले में अब तक कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 287 तक जा पहुंची है। जिले में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 67 बाकी रह गई है।
जिले में एक और जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है, वहीं दूसरी और कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। जिले में शुक्रवार को 44 और लोगों ने कोरोना को शिकस्त दी है। उन्हें नीमच सिटी थाने के पास कोठी स्कूल के क़वारेन्टीन सेंटर से डिस्चार्ज किया। इस दौर जिले के जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, कलेक्टर जितेंद्र सिंह राजे, एसपी मनोज कुमार राय, एडीएम विनय कुमार धोका, एएसपी राजीव कुमार मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ बीएल रावत, सीएसपी राकेश मोहन शुक्ला सहित अन्य मौजूद रहे। उन्होंने पुष्पवर्षा कर डिस्चार्ज लोगों का स्वागत किया। 44 लोगों के स्वस्थ होकर घर लौटने के बाद जिले में कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 287 तक पहुंच गई है। जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 67 बाकी रह गई। कोरोना को शिकस्त देने के क्रम में जिले में लगातार सार्थक कोशिशें की जा रही है।
