दशरथ माली
चीताखेडा-14अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान को जन अभियान बनाने के उद्देश्य को लेकर पूरे देश में चलाई जा रही तिरंगा यात्रा के अभियान के तहत जिला प्रशासन निर्देशानुसार जनमानस में देशभक्ति की भावना जागृत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता उत्पन्न करने हेतु 15 अगस्त की अवधि तक हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने हेतु ग्राम पंचायत राबडिया के तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के 75वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को प्रातः 9:00 गांव में डीजे के साथ विशाल तिरंगा यात्रा रैली गांव के विभिन्न कॉलोनी गली मोहल्ला से ढोल ढमाकों के साथ निकाली गई।
तिरंगा यात्रा रैली का शुभारंभ ग्राम पंचायत कार्यालय पर मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रतिमा पर सरपंच अनिल पाटीदार द्वारा किया गया है। तिरंगा यात्रा दुपहिया वाहन रैली में ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच व पंच और गांव के कई गणमान्यजन विशेष रूप से मौजूद थे। तिरंगा रैली में भारत माता की जय ,हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा फहराएंगे के नारों से गुंजायमान कर सकते हुए गांव के मुख्य चौराहा, गली, मौहल्ले में होते हुए तिरंगा यात्रा वाहन रैली पुनः ग्राम पंचायत कार्यालय पर पहुंचकर विसर्जित हुई। वाहन रैली के समापन अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच अनिल पाटीदार ने तिरंगा यात्रा रैली में पधारे समस्त प्रबुद्ध जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कार्यालय पर अधिक से अधिक संख्या में पधारे । कार्यक्रम के अंत में तिरंगा यात्रा रैली में शामिल सभी नागरिकों को स्वल्पाहार करवाया गया।
