मध्य प्रदेश /सोमवार से फिर बदल सकता है मौसम, कोहरा और बारिश के आसार मंगलवार से शुक्रवार के बीच हो सकते है बारिश
*इसके बाद शुरू होगा कड़ाके सर्दी का दौर*
भोपाल.उत्तर से आ रही बर्फीली हवाएं एक बार फिर से सिहरन पैदा कर रही हैं। फरवरी शुरू हो गई है, लेकिन ठंड के तेवर बरकरार है। मौसम विभाग ने सोमवार को एक बार फिर ग्वालियर, चंबल, सागर उज्जैन एवं भोपाल संभाग में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। वहीं मंगलवार से कई जिलों में बारिश का अनुमान है।*
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा है। इस दौरान मंडला में शीतलहर चली। यहां न्यूनतम तापमान प्रदेश में सबसे कम चार डिग्री दर्ज किया गया। एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है। इस सिस्टम के कारण मंगलवार से शुक्रवार के बीच मौसम का मिजाज फिर बदलने की संभावना है। इस वजह से प्रदेश के उत्तरी भाग में गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। राजधानी में बादल छा सकते हैं। मौसम साफ होने के बाद ठंड का एक और दौर शुरू हो सकता है।
*इसलिए बदला मौसम*
पश्चिमी राजस्थान पर बने प्रेरित चक्रवात के समाप्त होने के कारण हवाओं का रुख बदलकर उत्तर-पूर्वी हो गया है। जिसके चलते वातावरण में एक बार फिर सिहरन बढ़ गई है।*
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही दो दिन पहले पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया था। जिसके चलते हवा का रुख उत्तरी से बदलकर दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी हो गया था।
इससे वातावरण में नमी बढ़ने से बादल छा गए थे। दिन और रात के तापमान में इजाफा होने लगा था और ठंड से राहत मिल गई थी।
शुक्रवार शाम को राजस्थान पर बना सिस्टम समाप्त हो गया। जिसके चलते हवाओं को रुख एक बार फिर उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हो गया है। इससे दिन-रात के तापमान में फिर गिरावट का सिलसिला शुरु हो गया है।*
अगले 10 दिन के मौसम का पूर्वानुमान*
3 फरवरी को रात में 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना।
4 व 5 तारीख को दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव।
6 व 7 फरवरी को बादल छाने की संभावना। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के आसार नहीं।*
8, 9, 10 फरवरी को रात का तापमान 9 से 10 डिग्री रह सकता है।
11 और 12 फरवरी को दिन का तापमान मामूली बढ़ने और रात का 10 डिग्री के आसपास बना रहने के आसार।*
ग्वालियर में दिन का पारा 5.6 डिग्री लुढ़का:हवा का रुख बदलकर उत्तरी होने से प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में ठंड फिर बढ़ गई। शनिवार को ग्वालियर में दिन का तापमान 5.6 डिग्री लुढ़क गया। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 6-7 फरवरी को ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभागों में कहीं- कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।*
दस शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से ज्यादा रहा :भोपाल, इंदौर, खंडवा, जबलपुर, नरसिंहपुर, सागर, सतना, सीधी, टीकमगढ़, होशंगाबाद में रात का तापमान 10 डिग्री से ज्यादा रहा।
